समूह-ग समेत सभी तकनीकी व गैर तकनीकी पदों पर अब नहीं होंगे इंटरव्यू: CM Dhami
Published:
Mar 3 2023 9:25AM
उच्च पदों में जहां साक्षात्कार जरूरी है, जैसे पीसीएस या अन्य उच्च पद वहां भी साक्षात्कार का प्रतिशत कुल अंकों के 10 प्रतिशत से ज्यादा नहीं रखा जाएगा और भर्ती में सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी।
उत्तराखंड में समूह 'ग' की परीक्षाओं में तत्काल प्रभाव से साक्षात्कार की व्यवस्था समाप्त होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये घोषणा हल्द्वानी में आयोजित आभार रैली में की। उन्हाेंने कहा कि सरकार यह भी फैसला लेने जा रही है कि उच्च पदों में जहां साक्षात्कार जरूरी है, जैसे पीसीएस या अन्य उच्च पद वहां भी साक्षात्कार का प्रतिशत कुल अंकों के 10 प्रतिशत से ज्यादा नहीं रखा जाएगा और भर्ती में सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष-2008 में हमारी सरकार ने समूह ग को लोक सेवा आयोग से बाहर कर भर्तियों में साक्षात्कार की व्यवस्था समाप्त की थी। पर ये नियम पूरी तरह से लागू नहीं हो पाया था। अब सरकार ने इस दिशा फैसला लिया है। इसमें तकनीकी और गैर तकनीकी पद भी शामिल होंगे। इससे पहले भाजयुमो ने नकल विरोधी कानून लागू होने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। रैली संयोजक व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि यहां का युवा भटकने वाला नहीं है।
सीएम धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अचानक इन लोगों को सीबीआई से प्रेम हो गया है। पहले किसी के खिलाफ सीबीआई जांच करती थी तो उसे उत्पीड़न बताया जाता था। अब सीबीआई जांच की बात की जा रही है। इन लोगों की मंशा ही ठीक नहीं है। अगर सीबीआई जांच होती तो परीक्षाओं में व्यवधान आता। पहले सभी परीक्षाएं होंगी। अगर जरूरत हुई तो सीबीआई जांच भी कराई जाएगी। इसके लिए सरकार पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून पारित होने पर उत्तराखंड की समस्त जनता को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।